गाड़ी पार्किंग को लेकर दो गुटों में संघर्ष
हापुड़ के कोतवाली क्षेत्र के ग्राम निजामपुर में गाड़ी पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। निजामपुर अंडरपास स्थित गोकुल डेरी/स्वीट्स की दुकान के सामने 9 फरवरी की शाम को दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें दोनों पक्षों के कुल 7 लोग घायल हो गए।
एक तरफ निजामपुर निवासी विकास तोमर और नरेश तोमर का समूह था। जबकि दूसरी तरफ कृष्ण विहार मेरठ रोड के रहने वाले अजय कुमार, रव्वानी और इमरान थे। गाड़ी को साइड में खड़ी करने को लेकर शुरू हुई गाली-गलौज ने विकराल रूप ले लिया। दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस घटना से मार्ग भी अवरुद्ध हो गया।
दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया
चौकी प्रभारी मनोज सहरावत ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के पांच नामजद लोगों और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी मुनीश प्रताप सिंह के अनुसार पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।