PHM NEWS

हरदोई - बेटी की शादी के लिए खेत के पेड़ न काटने देने पर विवाद

प्रकाशित: 22 Nov 2025

बेटी की शादी के लिए अपने ही खेत के पेड़ नहीं काटने दे रहे परिजन, पीड़ित थाने के चक्कर काटने को मजबूर।

हरदोई। थाना कछौना क्षेत्र के ग्राम बेरुआ निवासी धर्मेंद्र प्रताप सिंह इन दिनों अपनी बेटी की शादी को लेकर बेहद परेशान हैं। पैतृक खेत गाटा संख्या 1515 पर खड़े यूकेलिप्टस के पेड़, जिन्हें वह अपनी बेटी के विवाह में खर्च के लिए कटवाना चाहते हैं, उनके ही परिजन काटने नहीं दे रहे।

पीड़ित धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वह कई दिनों से कछौना थाना के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि उनके भाई खेत में मौजूद पेड़ कटवाने से लगातार रोक रहे हैं, जिससे बेटी की शादी की तैयारियों में गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही है। धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वह कानून का सम्मान करने वाले व्यक्ति हैं और किसी भी प्रकार का विवाद नहीं चाहते, इसलिए लगातार पुलिस प्रशासन से न्याय की अपेक्षा कर रहे हैं। बावजूद इसके उन्हें अभी तक उचित सहयोग नहीं मिल पाया है।

ग्रामीणों का भी कहना है कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा है, फिर भी पुलिस को तथ्यात्मक जांच कर पीड़ित को राहत दिलानी चाहिए। पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि समय पर पेड़ न कट पाए तो बेटी की शादी की तैयारियां प्रभावित होंगी, जिसके लिए वह बेहद चिंतित हैं।