PHM NEWS

हरदोई

प्रकाशित: 22 Nov 2025

बैनामे की जमीन पर दबंगों का कब्ज़ा, पीड़ित महिला थाने तहसील के चक्कर लगाने को मजबूर

हरदोई। थाना बेनीगंज क्षेत्र के गेंगलापुर गाँव में एक गरीब मजदूर महिला की खरीदी हुई जमीन पर दबंगों द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किए जाने का मामला सामने आया है। न्याय की तलाश में पीड़िता महीनों से थाने, तहसील से लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन तक चक्कर काट रही है, लेकिन अब तक कार्रवाई न होने से पीड़िता बेहद परेशान है।

गेंगलापुर निवासी प्रकाशिनी पत्नी प्रकाश, जो मेहनत मजदूरी कर किसी तरह पैसे जोड़कर श्यामपुर स्थित गाटा संख्या 504 व 848 का बैनामा करवाने में सफल हुई थीं, आरोप है कि गोविंदपुर निवासी धनंजय मिश्रा, गणेश मिश्रा व कटोरे ने उसकी जमीन पर न केवल जबरन कब्जा कर लिया, बल्कि वहां अवैध रूप से मकान का निर्माण भी शुरू करा दिया है।

पीड़िता का कहना है कि उसने इसकी लिखित शिकायत थाना बेनीगंज, तहसील प्रशासन, और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर भी की, लेकिन न तो अवैध निर्माण रोका गया और न ही कब्जा हटवाया गया। दबंग लगातार निर्माण कार्य आगे बढ़ा रहे हैं, जिससे पीड़िता की परेशानी बढ़ती जा रही है।

प्रकाशिनी का कहना है कि गरीबी में बड़ी मुश्किल से जमीन खरीदी, लेकिन दबंग उस पर कब्जा कर उसे जमीन से बेदखल करना चाहते हैं। पीड़िता ने अब इस पूरे प्रकरण की शिकायत जिलाधिकारी हरदोई, मुख्यमंत्री कार्यालय, अनुसूचित जाति आयोग व महिला आयोग से करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन हस्तक्षेप नहीं करता, तो गरीबों की बैनामे की जमीन पर दबंगों द्वारा कब्जा करने की घटनाएँ और बढ़ सकती हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन पीड़ित महिला को उसकी जमीन का न्याय दिलाने के लिए क्या कदम उठाता है।