PHM NEWS

हथवाड़ा में गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल

प्रकाशित: 20 Mar 2026

कटिहार जिले के फलका प्रखंड अंतर्गत हथवाड़ा पंचायत में रमजान के पवित्र महीने के दौरान सामाजिक एकता, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की शानदार मिसाल देखने को मिली। हथवाड़ा पंचायत की मुखिया भारती कुमारी एवं उनके पति गौतम मालाकार ने पंचायत सरकार भवन में भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया, जिसमें एक हजार से अधिक रोजेदार शामिल हुए।

इस भव्य आयोजन में पंचायत क्षेत्र सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पंचायत सरकार भवन परिसर में रोजेदारों के लिए खजूर, फल, शरबत, सेवई और अन्य खाद्य सामग्री की विशेष व्यवस्था की गई थी। इफ्तार के समय सभी लोगों ने एक साथ बैठकर रोजा खोला, जिससे सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का अत्यंत सुंदर दृश्य देखने को मिला।

इफ्तार कार्यक्रम के बाद मगरिब की नमाज अदा की गई, जिसमें देश में शांति, भाईचारे और अमन-चैन के लिए विशेष दुआ मांगी गई।

इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता एवं जिला मंत्री मोहम्मद रफीक अंसारी भी मौजूद रहे।

स्थानीय लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में एकता और आपसी विश्वास को मजबूत करते हैं।