योगासना स्पोर्ट्स फाउंडेशन ऑफ उत्तर प्रदेश ने नव-निर्वाचित संरक्षक का किया सम्मान
योगासना स्पोर्ट्स फाउंडेशन ऑफ उत्तर प्रदेश ने नव-निर्वाचित संरक्षक का किया सम्मान
लखनऊ, 14 जून 2026।
योगासना स्पोर्ट्स फाउंडेशन ऑफ उत्तर प्रदेश द्वारा आज संस्था के नव-निर्वाचित संरक्षक श्री अभिषेक तिवारी (अधिवक्ता, उच्च न्यायालय, लखनऊ) का सम्मान समारोह संस्था के मुख्य संरक्षक श्री अजयदीप सिंह (पूर्व प्रशासनिक अधिकारी) के आवास पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव डॉ. महेश लाल, कोषाध्यक्ष आचार्य सुरेश कुमार, उपाध्यक्ष श्रीमती सीमा राजपूत, सहसचिव श्री जितेन्द्र शर्मा सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्री अभिषेक तिवारी का माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया।
सम्मान समारोह के दौरान संस्था की आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में आगामी जिला स्तरीय योगासन एवं भारतीय पारम्परिक खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन संबंधी विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया तथा इनके सफल आयोजन हेतु आवश्यक निर्णय लिए गए। पदाधिकारियों ने प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को योग, स्वास्थ्य, अनुशासन तथा भारतीय पारम्परिक खेलों से जोड़ने पर बल दिया।
अपने संबोधन में श्री अभिषेक तिवारी ने संस्था द्वारा प्रदान किए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए योगासन एवं भारतीय पारम्परिक खेलों के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी घोषणा की कि स्वर्गीय विंग कमांडर विवेक तिवारी की पुण्य स्मृति में शीघ्र ही एक भव्य योगासन एवं भारतीय पारम्परिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाएगा, जिससे युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा तथा उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुँचाया जा सकेगा।
संस्था के सचिव डॉ. महेश लाल ने कहा कि योगासना स्पोर्ट्स फाउंडेशन ऑफ उत्तर प्रदेश अपने ध्येय वाक्य "योगेन सह पारम्परिक क्रीड़ा" के अनुरूप प्रदेश में योगासन के साथ-साथ भारतीय पारम्परिक खेलों के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार हेतु निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक एवं खेल विरासत से जोड़ते हुए उन्हें स्वस्थ, अनुशासित एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूक बनाना है।
संस्था के मुख्य संरक्षक श्री अजयदीप सिंह ने कहा कि सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों के सामूहिक प्रयासों से संस्था भविष्य में योगासन तथा भारतीय पारम्परिक खेलों के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण प्रतियोगिताओं, प्रशिक्षण शिविरों एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करेगी।
कार्यक्रम का समापन संस्था के उज्ज्वल भविष्य एवं खेलों के व्यापक विकास के संकल्प के साथ हुआ।
योगासना स्पोर्ट्स फाउंडेशन ऑफ उत्तर प्रदेश, लखनऊ