मेरठ की "NO हिंदू" कॉलोनी पर बुलडोजर
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में "NO हिंदू" विवादित कालोनी पर प्रशासन की सख्ती देखने को मिली। अब्दुल्ला रेजीडेंसी नामक इस कॉलोनी में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। जांच कमेटी की पैमाइश रिपोर्ट में अवैध निर्माण की पुष्टि होते ही कॉलोनी की बाउंड्रीवाल पर बुलडोजर चला दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, बिल्डरों ने इस कालोनी में कथित तौर पर सिर्फ मुस्लिम समुदाय को ही प्लॉट बेचे थे। इस भेदभावपूर्ण बिक्री को लेकर पहले से ही विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इस प्रोजेक्ट का संबंध कथित रूप से गैंगस्टर शारिक से भी जुड़ा हुआ है। इस मामले के उजागर होने के बाद संबंधित बिल्डरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
प्रदेश सरकार में मंत्री सोमेन्द्र तोमर ने इस पूरे प्रकरण पर सवाल उठाते हुए कहा था कि मेरठ की इस कॉलोनी में प्लॉट बिक्री के नाम पर सांप्रदायिक आधार पर भेदभाव किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलोनी का संचालन पूरी तरह से अवैध तरीके से हो रहा है और इसके तार आपराधिक गतिविधियों से जुड़े हैं।
इसी बीच, मेरठ की आईएएस दीक्षा जोशी की अध्यक्षता में एक विशेष कमेटी गठित की गई, जो इस पूरे मामले की जांच कर रही है। कमेटी ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि रेजीडेंसी की जमीन सरकारी भूमि है और उस पर गलत तरीके से कब्जा किया गया है।
प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई के साथ-साथ आगे भी अवैध कब्जों को लेकर सख्त रवैया अपनाने का संकेत दिया है। इस घटनाक्रम से क्षेत्र में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है और स्थानीय लोग प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई का स्वागत कर रहे हैं।