PHM NEWS

प्राथमिक विद्यालय बघिनी नानकार में वार्षिकोत्सव एवं विदाई समारोह का भव्य आयोजन

प्रकाशित: 08 Apr 2026

सिद्धार्थनगर जनपद के विकास क्षेत्र मिठवल अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय बघिनी नानकार में वार्षिकोत्सव, विदाई समारोह एवं नवप्रवेश आरंभ समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 6 से 14 वर्ष के बच्चों के नामांकन हेतु उनके अभिभावकों को जागरूक करते हुए प्रवेश के लिए आह्वान किया गया।

इस अवसर पर कक्षा 5 के विद्यार्थियों को उनके परीक्षा परिणाम एवं अंकपत्र के साथ उपहार प्रदान कर मिष्ठान खिलाया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अगली कक्षा में प्रवेश हेतु भावभीनी विदाई दी गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम अत्यंत शालीन, मनोरंजक एवं आकर्षक रहे। इन कार्यक्रमों की सफलता के पीछे विद्यालय की सक्रिय, कर्मठ एवं विद्यार्थियों में प्रिय अध्यापिका श्रीमती अमृता अग्रहरि की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने बच्चों को तैयार करने में विशेष परिश्रम किया।

विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक श्री पवन कुमार शर्मा ने पूरे आयोजन का सफल संचालन एवं संरक्षण किया। वहीं जलपान व्यवस्था की जिम्मेदारी शिक्षक श्री अंकुर लाल श्रीवास्तव ने कुशलतापूर्वक निभाई। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त स्टाफ की सक्रिय भागीदारी सराहनीय रही।