डीएम शिव शरणप्पा जीएन ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय सूपा राजा का किया औचक निरीक्षण : बच्चों के साथ मिड-डे मील खाकर परखी भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
सिद्धार्थनगर : 7 अगस्त। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने शुक्रवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय सूपा राजा का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। विद्यालय में वर्तमान में एक अध्यापक और दो अनुदेशक कार्यरत पाए गए। प्रधानाध्यापक निर्मला शुक्ला ने विद्यालय में विज्ञान एवं गणित विषय के अध्यापक की तैनाती किए जाने का अनुरोध जिलाधिकारी से किया।
जिलाधिकारी ने बच्चों को दिए जा रहे मिड-डे मील का भोजन बच्चों के साथ बैठकर खाया और उसकी गुणवत्ता परखी। उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और संबंधित को साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विद्यालय में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि विद्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।