जिला समन्वयक के कार्यों से नाराज शिक्षकों ने विधायक विनय वर्मा को सौंपा ज्ञापन : विद्यालय निरीक्षण के दौरान दुर्व्यवहार और अमर्यादित भाषा के आरोप, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने जांच और कार्रवाई की मांग की
शोहरतगढ़, सिद्धार्थनगर। विद्यालय निरीक्षण के दौरान शिक्षकों के साथ कथित दुर्व्यवहार और अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल का मामला सामने आया है। इसको लेकर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के पदाधिकारियों और शिक्षकों ने मंगलवार को नगर पंचायत शोहरतगढ़ स्थित विधायक आवास पहुंचकर शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा को ज्ञापन सौंपा।
संगठन की ओर से संविदा कर्मी जिला समन्वयक संदीप कुमार के कार्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि पिछले दिनों ब्लॉक शोहरतगढ़ के विभिन्न विद्यालयों के निरीक्षण के दौरान शिक्षकों के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया तथा अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया। संगठन का आरोप है कि निरीक्षण के दौरान शिक्षकों पर मूल कार्य से हटकर अन्य मामलों में दबाव बनाने का प्रयास भी किया गया
महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षकों के सम्मान और कार्यस्थल पर गरिमापूर्ण व्यवहार से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जा सकता। संगठन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन मिलने के बाद विधायक विनय वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी से दूरभाष पर वार्ता की। विधायक ने जिला समन्वयक के कार्यों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर जिला कोषाध्यक्ष अभय कुमार सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष संजीव कुमार, राकेश राज, यशवंत चौहान, अंचल द्विवेदी, नेताराम, राजेंद्र, मनोज कुमार, देवेश पाठक, मनासिंह, राम अभिलाष सिंह, आनंद प्रसाद, रामानंद पांडेय समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।