सुंदरगढ़ न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / सुंदरगढ़
🚨 Breaking News | सुंदरगढ़

राजगांगपुर में महिला से बैग छीनने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार : पुलिस ने रानीबंध बाईपास से पकड़ा, ₹25,500 नकद और मोबाइल फोन बरामद

सुंदरगढ़ | 01-Oct-2025 12:09 PM | 45 |
सुंदरगढ़
पुलिस ने रानीबंध बाईपास से पकड़ा, ₹25,500 नकद और मोबाइल फोन बरामद

राजगांगपुर।

राजगांगपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े महिला से बैग छीनने की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपित महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना 28 सितंबर 2025 को सुबह करीब 9 बजे हुई, जब अमृता कुल्लू (30), पत्नी सुनील कुमार लाकड़ा, निवासी लंजिबेर्णा, डाकघर के सामने से गुजर रही थीं। उसी दौरान नगरपालिका की ओर से आईं तीन अज्ञात महिलाएं उनके पास पहुंचीं और जबरन उनका बैग छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर उन्हें धक्का देकर गिरा दिया गया और बैग छीन लिया गया। बैग में ₹25,500 नकद, दो एटीएम कार्ड (कैनरा बैंक और पंजाब नेशनल बैंक) तथा दो मोबाइल फोन (ओप्पो व रियलमी) थे।

पीड़िता ने सुबह 10:40 बजे राजगांगपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला राजगांगपुर थाना कांड संख्या-507/25, धारा 309(6) बीएनएस (3) के तहत दर्ज किया गया।

थाना प्रभारी विजय दास ने तत्काल एसआई राजेश कुमार सेठी और अन्य अधिकारियों की टीम गठित कर शहर के चारों ओर नाकेबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया। इसी दौरान जानकारी मिली कि तीनों लुटेरी महिलाएं बस में चढ़ने के लिए रानीबंध बाईपास में छिपी हुई हैं। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर तीनों को पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपित महिलाओं के पास से लूटा हुआ वैनिटी बैग, उसमें रखे ₹25,500 नकद, दो मोबाइल फोन और तीन एटीएम कार्ड बरामद कर लिए। पकड़ी गई महिलाएं छत्तीसगढ़ निवासी बताई गई हैं, जिनकी पहचान बिलासी बाई, सूत्र बाई और विनीता लोहार के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

 

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.