नानिहाल में रह रहे 6 साल के बच्चे का पिता ने साथियों संग किया अपहरण
उनियारा..उपखंड क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के चलते एक 6 वर्षीय बच्चे के अपहरण का मामला सामने आया है। ननिहाल में रह रहे बच्चे को उसके पिता ने अपने साथियों के साथ मिलकर फिल्मी स्टाइल में स्कॉर्पियो में डालकर अगवा कर लिया। हालांकि, पुलिस की मुस्तैदी से बच्चे को कुछ ही देर में जंगल से सकुशल बरामद कर लिया गया।
क्या है मामला?
पुलिस ने बताया कि खेड़ा मीर सामान निवासी सुनील मीणा ने सूचना दी कि वह अपने भांजे क्रश उर्फ प्रियांशु (6 वर्ष) को दवाई दिलाने ले जा रहा था। बच्चे की मां का निधन हो चुका है, इसलिए वह ननिहाल में रहता है। झालरा और ककोड़ के बीच एक काली स्कॉर्पियो में बच्चे का पिता राजेंद्र मीणा अपने 4-5 साथियों के साथ आया और बच्चे को जबरन छीनकर ले गया।
जंगल में पकड़ी गई गाड़ी
बनेठा पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों का पीछा किया। पुलिस ने जंगल में स्कॉर्पियो को घेरकर रोक लिया। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को पकड़ा है और बच्चे को सुरक्षित छुड़ा लिया।
CWC करेगी फैसला
पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मामला पिता और ननिहाल पक्ष के बीच बच्चे की कस्टडी को लेकर है। पिता बच्चे को ले जाना चाहता था, जबकि ननिहाल पक्ष राजी नहीं था। अब बच्चे को सीडब्ल्यूसी (बाल कल्याण समिति) के समक्ष पेश किया जाएगा और उनके आदेशानुसार ही बच्चे को सौंपा जाएगा।