PHM NEWS

श्री गांधी गौशाला के मकर संक्रांति महोत्सव का आगाज

प्रकाशित: 31 Dec 2025

टोंक। शहर की ऐतिहासिक श्री गांधी गौशाला में मकर संक्रांति महोत्सव की तैयारियां शुरू हो गई हैं। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह का श्रीगणेश मंगलवार को प्रथम निमंत्रण अर्पित करने के साथ हुआ। गौशाला समिति ने महोत्सव का पहला निमंत्रण पत्र टोंक स्थित प्रसिद्ध भगवान श्री अन्नपूर्णा गणेश जी महाराज के चरणों में अर्पित किया।

​इस अवसर पर समिति सदस्यों ने भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की और आरती उतारकर उन्हें भोग लगाया। सदस्यों ने विघ्नहर्ता गणेश जी से आगामी मकर संक्रांति महोत्सव के निर्विघ्न, सफल और मंगलमय आयोजन की प्रार्थना की। साथ ही, उन्हें महोत्सव में पधारने का भावभीना आमंत्रण दिया।

​इस मांगलिक कार्यक्रम में श्री गांधी गौशाला समिति के सदस्य चतुरदास जी राका, दुर्गेश गुप्ता, सोनू जैन (इलायची वाले) और गोसेवक सुनील अजमेरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उपस्थित सदस्यों ने बताया कि गौसेवा और धार्मिक अनुष्ठानों के माध्यम से समाज में सेवा का संदेश देना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।

​उल्लेखनीय है कि श्री गांधी गौशाला, टोंक द्वारा मकर संक्रांति के अवसर पर हर साल बड़े स्तर पर धार्मिक और गौसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिसमें शहर भर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं।