टोंक पुलिस का 'स्ट्राइक': होटल में बैठकर 10 लाख की ठगी करने वाला साइबर ठग गिरफ्तार
उनियारा.टोंक (आनंद शर्मा):
टोंक पुलिस की जिला स्पेशल टीम (DST) और अलीगढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ 8 से 10 लाख रुपये से अधिक की ऑनलाइन ठगी के मामले सामने आए हैं।
होटल से चला रहा था नेटवर्क
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी चन्द्रेश मीणा (पुत्र हंसराज मीणा) उनियारा थाना क्षेत्र के उदयपुरिया गांव का निवासी है। पुलिस ने उसे डिटेन किया है। आरोपी एक होटल में बैठकर अपने मोबाइल फोन के जरिए साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
ऐसे बनाता था शिकार (मोडस ऑपरेंडी)
जिला डीएसटी प्रभारी ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि आरोपी फर्जी ऐप्स और व्हाट्सएप पर फर्जी चैनल बनाकर आमजन को लालच देता था। इसी लालच के जरिए वह लोगों के बैंक खातों में सेंध लगाता था।
अब तक 9 शिकायतें दर्ज
प्राथमिक जांच में आरोपी के खिलाफ 9 ऑनलाइन साइबर धोखाधड़ी की शिकायतें पाई गई हैं। आरोपी ने दिल्ली और गुजरात सहित कई राज्यों के लोगों के साथ ठगी करना कबूला है। पुलिस का मानना है कि इससे पूछताछ में अन्य राज्यों और जिलों के कई साइबर अपराधों का खुलासा होने की संभावना है।