महाराजगंज जनपद के आनंदनगर की ऐतिहासिक धरती आज पूरी तरह से पंकज मय नजर आई। नगर का माहौल उत्सव जैसा था, हर तरफ भगवामय सजावट, झंडे, बैनर और फूलों से सजे चौराहे इस बात के साक्षी बने कि आज नगर अपने लाल के ...
महाराजगंज जनपद के आनंदनगर की ऐतिहासिक धरती आज पूरी तरह से पंकज मय नजर आई। नगर का माहौल उत्सव जैसा था, हर तरफ भगवामय सजावट, झंडे, बैनर और फूलों से सजे चौराहे इस बात के साक्षी बने कि आज नगर अपने लाल के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार था। अवसर था 7 बार के सांसद, 2 बार के केंद्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के नवनिर्वाचित भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष माननीय पंकज चौधरी जी के अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार आनंदनगर आगमन का।
नगर में प्रवेश करते ही जगह-जगह ऐतिहासिक स्वागत की तैयारियां देखने को मिलीं। आनंदनगर का प्रमुख अम्बेडकर चौराहा इस भव्य स्वागत का केंद्र बना, जहां पूर्व विधायक बजरंगी सिंह, भाजपा नेता शिवेंद्र चौधरी एवं नगर के चेयरमैन प्रतिनिधि राजेश जायसवाल के नेतृत्व में पंकज चौधरी जी का फूल-मालाओं से जोरदार अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर जायसवाल समाज द्वारा चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया गया, जिसने पूरे आयोजन को और भी भव्य बना दिया।
हजारों की संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं नगरवासियों ने “पंकज चौधरी जिंदाबाद” के नारों से पूरे आनंदनगर को गुंजायमान कर दिया। यह दृश्य अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक रहा, जिसमें संगठन के प्रति कार्यकर्ताओं का समर्पण स्पष्ट दिखाई दिया।
मां लेहड़ा वाली की पावन धरा विधानसभा फरेंदा में यह प्रथम आगमन ऐतिहासिक बन गया। त्रिमुहानी, महदेवा दुबे चौराहा, रुनुआ, महाराजगंज तिराहा और धानी ढाला सहित विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूलों, ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ भव्य स्वागत किया। हर पड़ाव पर भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था।
इस अवसर पर जनपद के समस्त सम्मानित पदाधिकारीगण, वरिष्ठ भाजपा नेता, सभासदगण, संगठन के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। सभी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक और स्मरणीय बना दिया।
कार्यकर्ताओं ने पंकज चौधरी जी को संगठन का मजबूत स्तंभ बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में भाजपा और अधिक सशक्त होगी। पूरे आयोजन में अनुशासन, संगठनात्मक एकता और उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
निस्संदेह, आनंदनगर और फरेंदा विधानसभा का यह स्वागत समारोह न केवल भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए बल्कि पूरे जनपद के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बन गया, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।