महर्षि महेश योगी जी का 109वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गयापैलानी। भावातीत ध्यान के प्रणेता महर्षि महेश योगी जी का 109वां जन्मोत्सव ज्ञान योग दिवस के रूप में तहसील क्षेत्र के ग्राम भवानी पदारथपुर में ...
महर्षि महेश योगी जी का 109वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया
पैलानी। भावातीत ध्यान के प्रणेता महर्षि महेश योगी जी का 109वां जन्मोत्सव ज्ञान योग दिवस के रूप में तहसील क्षेत्र के ग्राम भवानी पदारथपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह आयोजन महर्षि संस्था के संचालक ब्रह्मचारी गिरीश के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चिल्ला थाना प्रभारी अनूप दुबे द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात आश्रम के बटुकों द्वारा गुरु परंपरा पूजन, भावातीत ध्यान का सामूहिक अभ्यास, वेद पाठ, पुरुष सूक्त पाठ, हनुमान चालीसा पाठ एवं रुद्राभिषेक पूजन विधिवत संपन्न कराया गया।
आश्रम प्रभारी राज नारायण निगम एवं अनिल खरे ने बताया कि महर्षि महेश योगी जी ने भावातीत ध्यान के माध्यम से संपूर्ण विश्व में सुख, शांति एवं समृद्धि का संदेश दिया। उन्होंने पूरे भारत में सनातन धर्म के उत्थान हेतु गुरुकुलों की स्थापना कर ब्राह्मणों को निशुल्क वेद-पुराण आदि की शिक्षा प्रदान करने का कार्य किया। उनका मानना था कि स्वस्थ मस्तिष्क से कार्य करने की क्षमता कई गुना बढ़ जाती है।
उन्होंने बताया कि महर्षि जी ने यूरोप सहित विश्व के कई देशों में भारतीय संस्कृति और राम मुद्रा का प्रचार-प्रसार किया। महर्षि महेश योगी जी के प्रमुख शिष्यों में श्री श्री रविशंकर, विटल्स ग्रुप, दीपक चोपड़ा एवं डॉक्टर टोनी निडर जैसे अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त व्यक्ति शामिल रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान बटुक छात्रों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। आयोजन के उपरांत श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर आचार्य पंडित कमलेश तिवारी, पंडित प्यारेलाल, पंडित वंशवर्धन, कीर्ति ब्रह्म पांडे, हरवीर सिंह, सत्येंद्र, अशोक अवस्थी सहित चिल्ला थाना का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।