संवैधानिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों का पर्व है संविधान दिवस – संविधान विभिन्नताओं में एकता का सृजक है: चेयरमैनबांदा। शहर स्थित आर्य कन्या इंटर कॉलेज में बुधवार को संविधान दिवस के उपलक्ष्य में एक दिव...
संवैधानिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों का पर्व है संविधान दिवस – संविधान विभिन्नताओं में एकता का सृजक है: चेयरमैन
बांदा। शहर स्थित आर्य कन्या इंटर कॉलेज में बुधवार को संविधान दिवस के उपलक्ष्य में एक दिवसीय विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका परिषद की चेयरमैन मालती बासू ने किया। उन्होंने छात्राओं और उपस्थित जनसमूह से संविधान का अध्ययन करने का आह्वान करते हुए कहा कि संविधान हमारी प्रगति का मेरुदंड है और राष्ट्र को सर्वोपरि स्थान देने से ही देश के विकास का मार्ग प्रशस्त होता है।
चेयरमैन मालती बासू ने कहा कि बच्चों को यह समझना चाहिए कि देश की एकता और अखंडता के लिए संविधान का पालन अनिवार्य है। संविधान दिवस मनाने का उद्देश्य भावी पीढ़ी को उसके अधिकारों, कर्तव्यों और संवैधानिक मूल्यों से परिचित कराना है, ताकि वे राष्ट्रहित में सकारात्मक संकल्प ले सकें।
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित राजकीय इंटर कॉलेज बांदा के शिक्षक डॉ. पीयूष मिश्रा ने कहा कि आज विश्व में भारत की छवि बदली है। भारत ने हाल के वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान विश्व के चुनिंदा संविधानों में से एक है जिसमें सभी धर्मों, जातियों और पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। इसी के परिणामस्वरूप आज देश में उपेक्षित वर्ग भी सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर रहा है।
विद्यालय की अध्यापिका सीमा पांडे ने संविधान के विभिन्न अनुच्छेदों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान सभी वर्गों और संप्रदायों के प्रति समानता और उदारता का भाव रखता है। प्रधानाचार्या पूनम गुप्ता ने संविधान को घर-घर तक पहुँचाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता जताई।
कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और वंदे मातरम गीत का गायन किया। छात्राओं को जागरूक करने के लिए मंत्रालय द्वारा नामित जादूगर आरसी योगा एंड पार्टी तथा शिल्पी कठपुतली कला केंद्र, प्रतापगढ़ के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में विभाग द्वारा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने पर 20 छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। विजेताओं में सोना, रागिनी, कशिश, विनीता, सरिता देवी, नैन्सी, सीमा, राखी, रागिनी, निधि तिवारी, राधिका, पारुल सेन, लक्ष्मी श्रीवास, खुशी पाल, आयुषी तिवारी, वैष्णवी गुप्ता, अंजली देवी, ऐश्वर्या गुप्ता, अंशिका सेन और मोहिता शामिल रहीं।