जीजीआईसी में मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित– छात्राओं को सुरक्षा अधिकारों, सशक्तिकरण एवं साइबर सुरक्षा की दी गई जानकारीबांदा। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु मुख्यमंत्री योगी आदित...
जीजीआईसी में मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
– छात्राओं को सुरक्षा अधिकारों, सशक्तिकरण एवं साइबर सुरक्षा की दी गई जानकारी
बांदा। महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में जनपद में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को थाना कोतवाली नगर, साइबर क्राइम थाना एवं महिला कल्याण विभाग की संयुक्त टीम द्वारा थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) में छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम द्वारा छात्राओं को उनके सुरक्षा अधिकारों, आत्मरक्षा के प्राथमिक उपायों, साइबर सुरक्षा, सशक्तिकरण तथा कैरियर निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी गई। टीम ने बताया कि प्रत्येक थाने में महिला हेल्प डेस्क व साइबर हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है जहां किसी भी प्रकार की समस्या पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इस दौरान छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, छेड़छाड़ एवं घरेलू हिंसा कानून, महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई। टीम ने आत्मरक्षा के कुछ व्यावहारिक तकनीकों का प्रदर्शन कर छात्राओं को सिखाया कि किस प्रकार से किसी भी आपात स्थिति में स्वयं की रक्षा की जा सकती है।
साइबर सेल टीम ने फर्जी कॉल्स, लिंक शेयरिंग, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई स्कैम, सोशल मीडिया हैकिंग एवं केवाईसी अपडेट के नाम पर होने वाले ऑनलाइन धोखाधड़ी के तरीके बताए और छात्राओं को सतर्क रहने की सलाह दी। बताया गया कि किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल पर बिना सत्यापन के अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें तथा साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा गया कि सतर्कता, आत्मविश्वास और सही मार्गदर्शन के साथ वे न केवल सुरक्षित रह सकती हैं बल्कि अपने सपनों को साकार करते हुए सशक्त समाज के निर्माण में योगदान दे सकती हैं।