बांदा जनपद के मरका थाना क्षेत्र में रविवार की भोर पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। औगासी पुल के पास चोरी और लूट की योजना बना रहे तीन शातिर अपराधियों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया...
बांदा जनपद के मरका थाना क्षेत्र में रविवार की भोर पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी। औगासी पुल के पास चोरी और लूट की योजना बना रहे तीन शातिर अपराधियों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, बीती 25 तारीख की शाम को मरका क्षेत्र के ग्राम सरगना निवासी राजकरन सोनी उर्फ करन और गाजीपुर निवासी प्रभाकर सिंह उर्फ चेतन के साथ औगासी पुल के पास दो अज्ञात लोगों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पीड़ितों से नकदी और अन्य सामान लूटा गया था। मामले में थाना मरका पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी।
रविवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति औगासी पुल के पास चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए मरका पुलिस और एसओजी टीम ने क्षेत्र की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी प्रभाकर सिंह उर्फ चेतन को गोली लगी।
पुलिस ने तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूट के 66 हजार रुपए नकद, अवैध तमंचा, जिन्दा कारतूस, खोखा कारतूस और एक चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान इस प्रकार की गई है:
प्रभाकर सिंह उर्फ चेतन सिंह पुत्र रमेश सिंह, निवासी ग्राम लीला, थाना गाजीपुर, जनपद फतेहपुर (घायल)
निशांत जोशी पुत्र कपूरे जोशी, निवासी ग्राम फरीदाबाद टिकरी, थाना गाजीपुर
अभिषेक सिंह पुत्र कल्लू सिंह, निवासी ग्राम फरीदाबाद टिकरी, थाना गाजीपुर
पुलिस द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।