प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, गंदे पानी की समस्या और सड़क मरम्मत पर जताई नाराज़गीबांदा। प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री तथा जिले के प...
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, गंदे पानी की समस्या और सड़क मरम्मत पर जताई नाराज़गी
बांदा। प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास, निर्यात प्रोत्साहन एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री नंद गोपाल गुप्ता “नंदी” ने सोमवार को सर्किट हाउस सभागार में जिला विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री ने खराब ट्रांसफॉर्मरों को समय से बदलने, विद्युत तारों की मरम्मत और शहर में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
उन्होंने अधीक्षण अभियंता (विद्युत) को आदेश दिया कि ग्राम जलालपुर व कुरौली में खराब विद्युत तारों की तत्काल मरम्मत कराई जाए ताकि ग्रामीणों को निर्बाध बिजली मिल सके।
गंदे पानी की शिकायत पर जल संस्थान को फटकार
शहर में गंदा पानी आने की शिकायत पर मंत्री नंदी ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि
“शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सरकार की प्राथमिकता है। यदि कहीं से भी गंदे पानी की शिकायत मिले तो तत्काल सुधार करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।”
खराब सड़कों की मरम्मत के आदेश
मंत्री ने लोक निर्माण विभाग (PWD) को मानसून के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत तत्काल कराए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से
- जर्रार से मनीपुर मार्ग,
- गुढ़ा–बसाहरी मार्ग, तथा
- कमासिन से राजापुर सड़क मार्ग
को प्राथमिकता से सुधारने को कहा। -
गौशालाओं, शिक्षा और सफाई व्यवस्था पर भी निर्देश
प्रभारी मंत्री ने कहा कि निराश्रित गौवंशों के संरक्षण की व्यवस्था प्रभावी रूप से की जाए और नई गौशालाओं के लिए भूमि चयन शीघ्र पूरा किया जाए।
उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों में कायाकल्प मिशन के तहत बाउंड्री वॉल और शौचालय निर्माण कार्य समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही किसानों को खाद वितरण सुचारु रखने और समितियों की आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने पर भी बल दिया।
जलापूर्ति, सफाई और यातायात पर समीक्षा
मंत्री ने हर घर नल-जल योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने ग्रामों में सफाई व्यवस्था के लिए नियमित सफाई कर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए और बबेरू कस्बे में जाम की समस्या के शीघ्र समाधान पर जोर दिया।
राजस्व व कृषि विभाग को सख्त निर्देश
मंत्री ने अधिकारियों को दाखिल-खारिज व वरासत के मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
साथ ही खेत-तालाब योजना और सोलर पंप वितरण से संबंधित कार्य किसानों को समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, एमएलसी बाबूलाल तिवारी, एमएलसी जितेंद्र सिंह सेंगर, पूर्व सांसद आर.के. सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू सिंह राजपूत सहित जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों में जिलाधिकारी जे. रीभा, पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय एवं एडीएम धर्मेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।