बैंकों में लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण किया जाएः डीएम– डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई उद्योग बंधु की बैठकबांदा। जिलाधिकारी जे. रीभा की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिला उद्योग ...
बैंकों में लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण किया जाएः डीएम
– डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई उद्योग बंधु की बैठक
बांदा। जिलाधिकारी जे. रीभा की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में जिला उद्योग बंधु की बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति समीक्षा करते हुए डीएम ने बैंक शाखाओं में लंबित आवेदनों के तेजी से निस्तारण के निर्देश लीड बैंक मैनेजर को दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को समय से सहायता उपलब्ध कराना अनिवार्य है।
डीएम ने एक जनपद एक उत्पाद (ODOP), मार्जिन मनी योजना तथा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के अंतर्गत अधिक से अधिक उद्यमी संगठनों से एमओयू प्रस्ताव प्रस्तुत कराने के भी निर्देश दिए।
बैठक में औद्योगिक क्षेत्र भूरागढ़ में पानी की आपूर्ति से संबंधित मुद्दा भी उठाया गया। इस पर डीएम ने क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपीसीडा को शीघ्र प्रगति लाने तथा आवश्यक बजट की व्यवस्था मुख्यालय से कराने को कहा। औद्योगिक क्षेत्र की साफ-सफाई, सड़क एवं नालियों की मरम्मत के लिए अधिकारियों ने बताया कि कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा और इसके लिए कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है।
उद्यमियों ने भूरागढ़ औद्योगिक क्षेत्र में स्वतंत्र विद्युत फीडर की मांग एवं ट्रिपिंग की समस्या रखी। इस पर डीएम ने अधिशासी अभियंता (विद्युत) को निर्देश देते हुए कहा कि ट्रिपिंग समस्या का तत्काल समाधान किया जाए तथा ग्राम इचौली की विद्युत आपूर्ति को अलग कर औद्योगिक क्षेत्र को सुचारु विद्युत उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने औद्योगिक क्षेत्र भूरागढ़ में रिक्त जमीन पर कॉम्प्लेक्स/मॉल निर्माण हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। औद्योगिक क्षेत्र कताई मिल में भूखंडों के आवंटन पर जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी (UPSIDC) के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि आवंटन निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से किया जाएगा।
एक उद्यमी द्वारा ग्राम पिपरहरी में पुलिया निर्माण की मांग रखे जाने पर डीएम ने लोक निर्माण विभाग को शीघ्र पुलिया निर्माण कार्य कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जरौली कोठी रोड व महाराणा प्रताप रोड पर बेंडिंग जोन बनाए जाने तथा निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के आदेश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडे, परियोजना निदेशक डीआरडीए, सामान्य प्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सहित उद्यमी विनय चौरसिया, संतोष गुप्ता, संकल्प शुक्ला, शिवम सिंह, मोहम्मद इदरीस, गौरव अग्रवाल तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।