बांदा न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / बांदा
🚨 Breaking News | बांदा

एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने नकली नोटों के गिरोह का किया पर्दाफाश : दो जालसाज गिरफ्तार

बांदा | 05-Jan-2026 10:40 AM | 65 |
बांदा
दो जालसाज गिरफ्तार

एसओजी की संयुक्त पुलिस टीम ने नकली नोटों के गिरोह का किया पर्दाफाश, दो जालसाज गिरफ्तार
बांदा। जनपद की पुलिस को नकली नोटों के कारोबार के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना कोतवाली नगर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 500 रुपये के जाली नोटों के साथ दो शातिर जालसाजों को गिरफ्तार कर अंतरजनपदीय नकली करेंसी गिरोह का पर्दाफाश किया है। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये के नकली नोटों के साथ-साथ नोट छापने में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में उपकरण भी बरामद किया गया है।
सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक ने बताया कि रविवार को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली थी कि कोतवाली नगर क्षेत्र के कनवारा चौराहे के पास महोबा रोड की ओर से दो व्यक्ति नकली भारतीय मुद्रा लेकर आ रहे हैं और उसे बाजार में खपाने की तैयारी में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर एसओजी और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने तत्काल संदिग्धों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान कनवारा चौराहे के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े दो व्यक्तियों से पूछताछ का प्रयास किया गया, तो वे पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही दबोच लिया।पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना नाम राजाराम पुत्र अयोध्या निवासी उटियां तथा राहुल सिंह पुत्र राजू सिंह निवासी पिडारी, थाना कबरई, जनपद महोबा बताया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से कुल 1,12,500 रुपये की जाली भारतीय मुद्रा बरामद हुई, जिसमें 500 रुपये के 225 नकली नोट शामिल थे। जांच में पाया गया कि सभी नोटों पर एक ही सीरियल नंबर अंकित था, जिससे स्पष्ट हुआ कि नोट सुनियोजित तरीके से तैयार किए गए थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से नकली नोट बनाने में प्रयुक्त प्रिंटर, विभिन्न रंगों की इंक बोतलें (ब्लैक, सायन, मैजेंटा), कटर, फ्रेम, टेप, ब्रश, इमल्शन, डाई, पीवीसी शीट, विशेष प्रकार का कागज एवं अन्य तकनीकी सामग्री भी बरामद की है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे असली 500 रुपये के नोटों की नकल तैयार कर उन्हें बाजार में चलाने की योजना बना रहे थे। पुलिस द्वारा गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है। इस मामले में थाना कोतवाली नगर पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में एसओजी प्रभारी आनंद कुमार, चौकी प्रभारी मंडी समिति आशुतोष त्रिपाठी, उप निरीक्षक प्रीत कुमार पांडेय, मुख्य आरक्षी अश्वनी सिंह, अमित त्रिपाठी, आरक्षी प्रतीक यादव, मनीष मिश्रा, अनुराग यादव और सतीश कुमार शामिल रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.