बुलंदशहर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / बुलंदशहर
🚨 Breaking News | बुलंदशहर

बुगरासी में संविदा लाइनमैन का आत्मदाह प्रयास : एसडीओ पर उत्पीड़न के आरोप

बुलंदशहर | 26-Dec-2025 08:18 AM | 392 |
बुलंदशहर
एसडीओ पर उत्पीड़न के आरोप

बुगरासी में संविदा लाइनमैन का आत्मदाह प्रयास, एसडीओ पर उत्पीड़न के आरोप
कर्मचारियों का धरना, जांच में जुटा विभाग व पुलिस
स्याना (बुलंदशहर)।
स्याना क्षेत्र के बुगरासी विद्युत उपकेंद्र पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक संविदा लाइनमैन ने आत्मदाह का प्रयास कर लिया। लाइनमैन ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन मौके पर मौजूद कर्मचारियों व लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे बचा लिया।
आत्मदाह का प्रयास करने वाले संविदा लाइनमैन सुबोध त्यागी ने आरोप लगाया कि एसडीओ प्रवीण कुमार द्वारा उन पर लगातार दबाव और उत्पीड़न किया जा रहा था। सुबोध त्यागी का कहना है कि इसी मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर उन्होंने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलने पर विभागीय अधिकारियों में भी खलबली मच गई। एक्सईएन सतेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से बातचीत के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रथम दृष्टया संविदा लाइनमैन की मानसिक स्थिति ठीक नहीं लग रही है, फिर भी सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
उधर, घटना से आक्रोशित विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने एक्सईएन कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि इस तरह के व्यवहार से न केवल कार्य वातावरण प्रभावित हो रहा है, बल्कि सरकारी कार्यों के निष्पादन में भी बाधा उत्पन्न हो रही है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि एसडीओ के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो जनसमस्याओं, राजस्व वसूली और विद्युत आपूर्ति से होने वाली हानि की जिम्मेदारी विभाग की होगी।
आत्मदाह प्रयास की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया। नरसेना थाना प्रभारी वीरपाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और संविदा कर्मचारियों से भी बातचीत की जा रही है।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.