लन्दशहर। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के तहत बुलन्दशहर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वर्षों पुराने बाइक चोरी के मामले में प्रभावी पैरवी करते हुए पुलिस ने आरोपी क...
लन्दशहर। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित “ऑपरेशन कन्विक्शन” अभियान के तहत बुलन्दशहर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वर्षों पुराने बाइक चोरी के मामले में प्रभावी पैरवी करते हुए पुलिस ने आरोपी को कठोर सजा दिलवाई है। चोरी की बाइक बरामदगी से जुड़े इस प्रकरण में आरोपित को 5 वर्ष 4 माह 3 दिन की कैद और 2300 रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी अमरवीर पुत्र लाल सिंह, निवासी ग्राम रुडबांगर, थाना अनूपशहर, जनपद बुलन्दशहर के कब्जे से वर्ष 2020 में फर्जी नंबर प्लेट लगी एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई थी। इस संबंध में 23 जुलाई 2020 को थाना खानपुर पर मुकदमा संख्या 203/2020 धारा 414, 420, 467, 468, 471 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था। बाद में पुलिस ने 13 सितंबर 2020 को इस मामले में आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया।
इस मामले को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित अभियान “ऑपरेशन कन्विक्शन” के अंतर्गत चिन्हित किया गया, जिसके बाद बुलन्दशहर मॉनिटरिंग सेल द्वारा न्यायालय में निरंतर और प्रभावी पैरवी की गई। अभियोजन की मजबूती और साक्ष्यों की स्पष्टता के आधार पर 26 नवंबर 2025 को माननीय न्यायालय (एसजीजेएम), न्यायाधीश सुनील त्रिपाठी ने अभियुक्त को दोषसिद्ध पाते हुए सजा सुनाई।
अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी करने वाले अभियोजक सुनील कुमार गुप्ता और रमेश प्रसाद का उल्लेखनीय योगदान रहा। इसके अतिरिक्त मॉनिटरिंग सेल प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह, पैरोकार कांस्टेबल रुपेश कुमार, न्यायालय महरिर हेड कांस्टेबल ललित कुमार और कांस्टेबल कुलदीप कुमार की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही।
चोरी के मामले में दोषी को सजा दिलाना बुलन्दशहर पुलिस की एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे अपराधियों में दहशत और आम जनता में विश्वास की भावना और मजबूत हुई है।