जहाँगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियाँ छीन लीं। जहाँगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बुलंदशहर-अनूपशहर रोड पर विवियाना मोड़ के पास मंगलवार दोपहर एक कार और बाइक...
जहाँगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियाँ छीन लीं। जहाँगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बुलंदशहर-अनूपशहर रोड पर विवियाना मोड़ के पास मंगलवार दोपहर एक कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार गाँव जसर निवासी श्यौदान सिंह (50) अपने मामा बुधपाल निवासी गाँव अंधियार को बाइक पर बैठाकर उनके गाँव छोड़ने जा रहा था। जैसे ही वह विवियाना मोड़ के पास पहुँचा, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) जहाँगीराबाद पहुँचाया। श्यौदान सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के पश्चात् जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश वहाँ पहुँचने पर डॉक्टरों ने श्यौदान को मृत घोषित कर दिया। वहीं श्यौदान के मामा का उपचार जारी है। मृतक श्यौदान जहाँगीराबाद के भईपुर दोराहे पर 'खेराद मिस्त्री' की दुकान चलाता था। जैसे ही श्यौदान की मृत्यु की खबर गाँव और दुकान पर पहुँची तो परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। कोतवाली प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।