जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गय...
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। दुर्घटना चांदोक दौराहा के समीप स्थित पेट्रोल पंप के सामने हुई। कोतवाली प्रभारी संजेश कुमार के अनुसार बुधवार सुबह एक टोयोटा रूमियन कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और पलटने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बदायूं जनपद के बिसौली थाना क्षेत्र के गांव मड़ई निवासी सेवाराम लगभग (55) वर्ष पुत्र नौबत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार चालक भूदेव, मृतक के पुत्र नीरज तथा बदायूं के कादर चौक थाना क्षेत्र निवासी गीता पत्नी सतवीर और गगन पुत्र सतवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्रथम उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार कार सवार सभी लोग फरीदाबाद से बदायूं जा रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।