जहांगीराबाद। नगर के मोहल्ला रामगढ़ी में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने 17 वर्षीय किशोर को अपनी चपेट में ले लिया, जिस...
जहांगीराबाद। नगर के मोहल्ला रामगढ़ी में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बुलेट मोटरसाइकिल ने 17 वर्षीय किशोर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक किशोर अपने परिवार का सहारा था और मेहनत-मजदूरी कर घर चला रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ला रामगढ़ी निवासी शरीफ उर्फ जफरू का 17 वर्षीय पुत्र रिहान शुक्रवार दोपहर किसी जरूरी काम से बाजार की ओर जा रहा था। तभी रास्ते में सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बुलेट बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिहान सड़क पर काफी दूर जा गिरा और उसके सिर में गंभीर चोटें आईं।हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल रिहान को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था, अस्पताल पहुँचने से पहले ही रिहान ने दम तोड़ दिया। रिहान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि रिहान बेहद मिलनसार और मेहनती लड़का था। कम उम्र में ही उसने कंधों पर परिवार की जिम्मेदारी उठा ली थी। वह आइसक्रीम बेचकर अपने माता-पिता की आर्थिक मदद करता था। उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जिनका कहना है कि रिहान घर से कुछ पैसे लेकर निकला था, पर वापस उसकी लाश घर आई। इस घटना के बाद से मोहल्ला रामगढ़ी और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने नगर की सड़कों पर बेलगाम दौड़ते वाहनों और तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी और 'रिहान' को अपनी जान न गंवानी पड़े।
कोतवाली प्रभारी सुदेश कुमार ने बताया कि
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर दुर्घटना में शामिल बुलेट मोटरसाइकिल को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में उचित वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।