जहांगीराबाद। उत्तर प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए शुक्रवार को स्टेट रिव्यू मिशन की टीम ने जहांगीराबाद क्षेत्र में तीन दिन का व्यापक दौरा किया। राज्य स्तरीय टीम ने नगर के...
जहांगीराबाद। उत्तर प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए शुक्रवार को स्टेट रिव्यू मिशन की टीम ने जहांगीराबाद क्षेत्र में तीन दिन का व्यापक दौरा किया। राज्य स्तरीय टीम ने नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (पूर्व में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर) का गहन निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता जाँची। निरिक्षण करने आयी राज्य स्तरीय टीम ने सामुदायिक स्वास्थ केंद्र सहित क्षेत्र में लगभग 12 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निरिक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता, स्टाफ की उपस्थिति और साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया। मरीजों को नि:शुल्क मिलने वाली दवाओं के स्टॉक और वितरण रजिस्टर की बारीकी से जाँच की गई। आयुष्मान भारत योजना के तहत मरीजों के पंजीकरण और मिलने वाली सुविधाओं के ऑनलाइन डेटा को भी देखा गया। टीम के सदस्यों ने तैनात कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर्स से बातचीत की और टेली-कंसल्टेशन सेवाओं के बारे में जानकारी ली। मिशन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति को बेहतर प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। टीम ने अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके तीमारदारों से भी बात की। उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें बाहर से दवाएं तो नहीं मंगवाई जा रहीं और मरीजों के प्रति डॉक्टरों का व्यवहार कैसा है। निरीक्षण के अंत में टीम ने स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और सेवाओं में निरंतर सुधार के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर अधीक्षक डॉ विपिन कुमार, डॉ राशिद, कपिल कुमार, योगेश कुमार व प्रमोद कुमार यादव सहित समस्त चिकित्सीय व पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहा।