स्याना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और बुलंदशहर के सांसद डॉ. भोला सिंह के नेतृत्व में सांसद खेल महोत्सव का भव्य आयोजन ब्लॉक स्याना अंतर्गत न्याय पंचायत घंसूरपुर स्थित स्याना डिग्री कॉलेज घ...
स्याना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और बुलंदशहर के सांसद डॉ. भोला सिंह के नेतृत्व में सांसद खेल महोत्सव का भव्य आयोजन ब्लॉक स्याना अंतर्गत न्याय पंचायत घंसूरपुर स्थित स्याना डिग्री कॉलेज घंसूरपुर के मैदान में किया गया। इस अवसर पर स्थानीय खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान खेल भावना और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्याना विधानसभा के विधायक श्री देवेंद्र सिंह लोधी रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलों से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास भी विकसित होता है। उन्होंने युवाओं से खेलों को अपने जीवन का अहम हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में हर्षित ने प्रथम, अतुल ने द्वितीय और प्रिंस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में कुमारी सृष्टि ने प्रथम, कुमारी स्वाति ने द्वितीय और कुमारी राखी रानी ने तृतीय स्थान हासिल किया। खो-खो प्रतियोगिता में स्वामी सत्यानंद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, स्याना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
कार्यक्रम के संयोजक विकास गुप्ता और देवेंद्र प्रधान रहे, जबकि मंच संचालन विजय लोधी एडवोकेट (सांसद प्रतिनिधि) ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से मंडल अध्यक्ष संदीप त्यागी, विक्रांत त्यागी, डॉ. रामपाल सिंह, नीरज सभासद, कुलदीप चौहान (युवा कल्याण अधिकारी), अमरेश कुमार (बेसिक शिक्षा विभाग), शक्ति सिंह, सतपाल सिंह, अतुल कुमार शर्मा और अनुज कुमार शर्मा सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों और स्थानीय नागरिकों में कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। आयोजन की सफलता के लिए आयोजकों की सराहना की गई।