पुलिस मुठभेड़ में पशु तस्कर गिरफ्तार, मौके से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद।देवरिया जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना लार क्षेत्र में आज सुबह पुलिस...
पुलिस मुठभेड़ में पशु तस्कर गिरफ्तार, मौके से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद।
देवरिया जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। थाना लार क्षेत्र में आज सुबह पुलिस और पशु तस्कर के बीच हुई मुठभेड़ में एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। मुठभेड़ के दौरान अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने मौके से एक देशी तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री संजीव सुमन के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री सुनील कुमार के नेतृत्व और क्षेत्राधिकारी सलेमपुर श्री मनोज कुमार के पर्यवेक्षण में थाना लार पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि थाना लार पर पंजीकृत मुकदमा संख्या 320/2023 धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम व 11 पशु क्रूरता अधिनियम में वांछित अभियुक्त मुबारक पुत्र शदिक निवासी हरिहास थाना हुसैनगंज जनपद सिवान (बिहार) खरवनिया बंधा की तरफ से मोटरसाइकिल से आ रहा है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेरा बंदी की। पुलिस को देखकर अभियुक्त ने भागने की कोशिश की, लेकिन मोटरसाइकिल फिसल जाने से गिर पड़ा। गिरते ही उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मौके से एक देशी तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल अभियुक्त को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
गिरफ्तार अभियुक्त मुबारक पुत्र शदिक निवासी हरिहास थाना हुसैनगंज जनपद सिवान (बिहार) पर पशु तस्करी और गोवध निवारण अधिनियम के तहत पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उसके अन्य आपराधिक कनेक्शन की भी जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री संजीव सुमन ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। समाज में भय और अपराध का वातावरण बनाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बरामदगी का विवरण:
एक देशी तमंचा .315 बोर
एक जिंदा कारतूस
एक खोखा कारतूस
एक मोटरसाइकिल
गिरफ्तार अभियुक्त:
मुबारक पुत्र शदिक निवासी हरिहास, थाना हुसैनगंज, जनपद सिवान (बिहार)
पुलिस ने बताया कि नियमानुसार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।