देवरिया न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / देवरिया
🚨 Breaking News | देवरिया

अपराधियों पर सख्ती, : लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करें : एसपी

देवरिया | 07-Aug-2026 07:46 PM | 548 |
देवरिया
लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करें : एसपी

अपराधियों पर सख्ती, लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण करें : एसपी
देवरिया। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक की। उन्होंने गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी ने हत्या, लूट, डकैती, दुष्कर्म, चोरी, नकबजनी समेत अन्य संगीन अपराधों की समीक्षा की। महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता बरतते हुए गुणवत्तापूर्ण विवेचना और पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने साइबर अपराध, एनडीपीएस, गौ-तस्करी, अवैध शराब, जुआ और सट्टा के विरुद्ध थाना स्तर पर सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए।
एसपी ने गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट तथा संपत्ति कुर्की जैसी निरोधात्मक कार्रवाइयों को प्रभावी ढंग से लागू करने और वांछित व इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों के गठन पर बल दिया। लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध निस्तारण कर चार्जशीट न्यायालय भेजने तथा आईजीआरएस, जनसुनवाई और थानों पर प्राप्त प्रार्थना पत्रों का गुणवत्तापूर्ण व त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
यातायात व्यवस्था, रात्रि गश्त और चेकिंग अभियान को और प्रभावी बनाने के साथ संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी बढ़ाने को कहा गया। अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन के प्रभावी उपयोग, सोशल मीडिया पर अफवाहों एवं भड़काऊ पोस्ट की निगरानी तथा उनके विरुद्ध त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यक्ष एप के माध्यम से संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों के सत्यापन, 'ऑपरेशन साई-वज्र' के तहत साइबर अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा साइबर ठगी के मामलों में फ्रीज किए गए धन को विधिक प्रक्रिया के तहत पीड़ितों के खातों में वापस कराने की कार्रवाई में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय सहित सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना-शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

अन्य खबरें

PHM NEWS Repoter
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.