, देवरिया। पथरदेवा नगर पंचायत के सिधावे गांव में मंगलवार को एक बेहद दुखद हादसे में ढाई वर्षीय मासूम की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार मे...
, देवरिया। पथरदेवा नगर पंचायत के सिधावे गांव में मंगलवार को एक बेहद दुखद हादसे में ढाई वर्षीय मासूम की ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, अनिल शर्मा का ढाई वर्षीय पुत्र आरव शर्मा उर्फ पंडित घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान गांव का ही एक युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मिट्टी ढोने जा रहा था। अचानक मासूम उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।
हादसे के तुरंत बाद परिजन बच्चे को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पथरदेवा पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया। परिजन बिना देर किए उसे देवरिया ले गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां रुचि देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। दादा सुरेंद्र और महेंद्र समेत अन्य परिजन भी गहरे सदमे में हैं। आरव अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जबकि उसकी पांच वर्षीय बहन अर्पिता है। उसके पिता अनिल शर्मा बेंगलुरु में निजी नौकरी करते हैं।
थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर से कुचलकर बच्चे की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।