देवरिया में थाना समाधान दिवस का आयोजन, 119 में से 25 शिकायतों का मौके पर निस्तारणदेवरिया, 11 अप्रैल 2026। जनपद के सभी थानों पर शनिवार को “थाना समाधान दिवस” का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में फर...
देवरिया में थाना समाधान दिवस का आयोजन, 119 में से 25 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
देवरिया, 11 अप्रैल 2026। जनपद के सभी थानों पर शनिवार को “थाना समाधान दिवस” का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। इस दौरान राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया।
थाना कोतवाली में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने स्वयं उपस्थित रहकर जनसमस्याओं की सुनवाई की। प्राप्त प्रार्थना पत्रों के आधार पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में इस बार थाना दिवस पर “डेस्क सिस्टम” लागू किया गया, जिसके तहत हल्का प्रभारी और बीट पुलिस अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के लिए अलग-अलग डेस्क लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस पहल का उद्देश्य जनसुनवाई को अधिक प्रभावी बनाना, पुलिस की जवाबदेही तय करना, संवेदनशीलता बढ़ाना और कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना है।
जनपद के सभी थानों पर आयोजित इस अभियान के दौरान कुल 119 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 25 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के समाधान के लिए संयुक्त टीमें बनाकर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस अवसर पर पुलिस और राजस्व विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी लंबित मामलों का जल्द और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।