निःशुल्क कोचिंग से सफलता की उड़ान: देवरिया के विकास कुमार शाह बने बीडीओदेवरिया, 8 अप्रैल। जिले के विकास कुमार शाह ने उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (UPPCS-2024) परीक्षा में शानदार सफलत...
निःशुल्क कोचिंग से सफलता की उड़ान: देवरिया के विकास कुमार शाह बने बीडीओ
देवरिया, 8 अप्रैल। जिले के विकास कुमार शाह ने उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा (UPPCS-2024) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर (बीडीओ) पद प्राप्त किया है। विकास, राम सूरत प्रसाद के पुत्र हैं और देवरिया खास के निवासी हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
आर्थिक चुनौतियों के बावजूद विकास ने हार नहीं मानी और समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग तथा मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का लाभ उठाकर अपनी तैयारी को मजबूत किया। लखनऊ के गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में संचालित आवासीय कोचिंग में उन्हें विशेषज्ञ शिक्षकों का मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री, नियमित कक्षाएं, लाइब्रेरी, हॉस्टल और भोजन जैसी सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
संयुक्त निदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि कोचिंग के दौरान अभ्यर्थियों को उत्तर लेखन का नियमित अभ्यास कराया जाता है और मॉडल टेस्ट आयोजित किए जाते हैं, जिससे मुख्य परीक्षा की बेहतर तैयारी सुनिश्चित होती है।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत प्रदेश के सभी 75 जिलों में प्रशिक्षण केंद्र संचालित किए जा रहे हैं, जहां युवाओं को यूपीएससी, यूपीपीएससी, जेईई, नीट, एनडीए और सीडीएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जा रही है।
समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी प्रतिभाशाली युवा आर्थिक अभाव के कारण पीछे न रह जाए। इस योजना के माध्यम से युवाओं को समान अवसर प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
विकास कुमार शाह की सफलता न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जनपद के लिए प्रेरणा का स्रोत है।