देवरिया। जनपद में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना से हजारों विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय ने बताया कि पात्र छात्रों के आधार ...
देवरिया। जनपद में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना से हजारों विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया है। जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय ने बताया कि पात्र छात्रों के आधार सीडेड बैंक खातों में 30 जनवरी 2026 को छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे अंतरित कर दी गई।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के कर-कमलों से छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरण के लिए लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका सजीव प्रसारण जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कराया गया।
समाज कल्याण विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अनुसूचित जाति के 7,671 छात्रों को 966.83 लाख रुपये तथा सामान्य वर्ग के 5,198 छात्रों को 618.81 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। वहीं पिछड़ा वर्ग के 25,120 छात्रों को 2,809.54 लाख रुपये तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 3,296 छात्रों को 378.31 लाख रुपये की धनराशि उनके खातों में भेजी गई है।
एपीएस डिग्री कॉलेज, सोनूघाट में भी कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जहां जिला समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित छात्रों को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए।
अधिकारियों ने बताया कि सरकार की इस योजना से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को शिक्षा जारी रखने में बड़ी सहायता मिल रही है।