देवरिया, 27 मार्च। विकास भवन स्थित गांधी सभागार में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद की वित्तीय एवं प्रशासकीय विलम्ब समिति की बैठक मा० सभापति डॉ. रतनपाल सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में...
देवरिया, 27 मार्च। विकास भवन स्थित गांधी सभागार में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश विधान परिषद की वित्तीय एवं प्रशासकीय विलम्ब समिति की बैठक मा० सभापति डॉ. रतनपाल सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों के वित्तीय एवं प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई, जिसमें अधिकांश योजनाओं एवं प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण की जानकारी दी गई। समिति ने जनपद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर संतोष व्यक्त करते हुए उसकी सराहना की।
मा० सभापति डॉ. रतनपाल सिंह ने कहा कि प्रशासन द्वारा कार्यों में लाई गई गति सराहनीय है और इसका लाभ सीधे आमजन को मिल रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि शेष लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्यों में बाधा न आए।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने समिति को अवगत कराया कि जनपद में वित्तीय देयों, पेंशन, भूमि अधिग्रहण, निर्माण कार्यों एवं अन्य प्रशासनिक प्रकरणों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सभी विभागों को पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि विकास योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है तथा लंबित मामलों के निस्तारण हेतु विभागवार लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। शासन की मंशा के अनुरूप जनहित के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, पंचायत, विद्युत एवं लोक निर्माण विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।