दो आटा मिलों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, तीन नमूने जांच को भेजे
देवरिया। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बुधवार को जिले की दो आटा मिलों पर छापेमारी कर जांच की। निरीक्षण के दौरान लेबलिंग संबंधी अनियमितताएं मिलने पर दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया। वहीं आटा, मैदा और सूजी के तीन नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
कार्रवाई आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई। टीम ने पहाड़पुर स्थित श्री गणपति रोलर फ्लोर मिल और पुरवा स्थित प्रकाश ट्रेडर्स फ्लोर मिल का निरीक्षण किया। जांच में दोनों प्रतिष्ठानों पर लेबलिंग संबंधी कमियां पाए जाने पर नोटिस जारी किया गया।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय हितेंद्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान दोनों आटा मिलों से आटा, मैदा एवं सूजी के कुल तीन नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जनपद में निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।