एक दिन की जिलाधिकारी बनीं साक्षी दूबे, मिशन शक्ति से बालिकाओं को मिला नया आत्मविश्वासदेवरिया, 23 अप्रैल। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत कलेक्ट्रेट...
एक दिन की जिलाधिकारी बनीं साक्षी दूबे, मिशन शक्ति से बालिकाओं को मिला नया आत्मविश्वास
देवरिया, 23 अप्रैल। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार संचालित मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित “एक दिन की जिलाधिकारी” कार्यक्रम ने बालिकाओं के उत्साह और आत्मविश्वास को नई दिशा दी।
इस विशेष पहल के तहत चयनित छात्रा साक्षी दूबे को एक दिन के लिए जिलाधिकारी का दायित्व सौंपा गया। साक्षी ने जिलाधिकारी कार्यालय में बैठकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ संवाद कर उनके कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने जनहित से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की और निर्णय प्रक्रिया को समझने का प्रयास किया।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास तथा प्रशासनिक समझ विकसित करना है, जिससे वे भविष्य में समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि लगन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को बड़े सपने देखने, चुनौतियों से न घबराने और निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं में प्रशासनिक कार्यों के प्रति जिज्ञासा और उत्साह स्पष्ट रूप से देखने को मिला। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे बालिकाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।