जेठ के चौथे बड़े मंगल पर विकास भवन में गूंजा सुंदरकांड, भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़देवरिया,। ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर मंगलवार को विकास भवन परिसर भक्तिमय माहौल में सराब...
जेठ के चौथे बड़े मंगल पर विकास भवन में गूंजा सुंदरकांड, भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
देवरिया,। ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर मंगलवार को विकास भवन परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा। यहां सुंदरकांड पाठ, पूजा-अर्चना एवं विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर हनुमान जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह से ही विकास भवन परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम शुरू हो गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया, जिसके बाद सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। सुंदरकांड की चौपाइयों से पूरा परिसर भक्तिरस में डूब गया। पाठ के समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी वीके सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राम शंकर, परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, जिला मत्स्य अधिकारी, डीसी मनरेगा, एनआरएलएम सहित विकास भवन एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। आमजन ने भी उत्साहपूर्वक भंडारे में भाग लिया और महाप्रसाद ग्रहण किया।
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने पूजा-अर्चना कर सुंदरकांड पाठ में सहभागिता की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। साथ ही सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूती प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने बजरंगबली के जयकारों के साथ आयोजन को सफल बनाया।