देवरिया। समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से देवरिया जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल (IAS) के निर्देश पर पत्थरदेवा ब...
देवरिया। समाज के सबसे अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से देवरिया जिला प्रशासन ने एक सराहनीय पहल की है। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल (IAS) के निर्देश पर पत्थरदेवा ब्लॉक में मूसहर समुदाय के लिए विशेष अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की गईं।
इस अभियान के तहत प्रशासनिक टीमों ने गांवों में पहुँचकर दस्तावेज़ीकरण और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य तेज़ी से किया। अभियान के दौरान 153 लोगों के जन्म प्रमाण पत्र जारी किए गए, जिससे उन्हें अपनी पहचान और भविष्य में मिलने वाली सरकारी सुविधाओं का आधार मिलेगा।
इसके साथ ही 53 नए आधार कार्ड बनाए गए, जिससे लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं तक आसान पहुंच मिल सकेगी। प्रशासन ने भूमि और आवास से जुड़ी समस्याओं के समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया। इसी क्रम में 64 परिवारों को आवासीय पट्टे स्वीकृत किए गए, जिससे उनके स्थायी आवास का रास्ता साफ हुआ।
इतना ही नहीं, 21 पात्र परिवारों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ भी दिलाया गया, जिससे उनके सिर पर पक्का छत का सपना साकार होने की दिशा में कदम बढ़ा है।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि समाज के सबसे वंचित और कमजोर वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुँचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रखे जाएँ, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे।
स्थानीय लोगों ने इस पहल के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया और उम्मीद जताई कि इस तरह के प्रयासों से मूसहर समुदाय को मुख्यधारा से जुड़ने में बड़ी मदद मिलेगी।
देवरिया प्रशासन की यह पहल यह साबित करती है कि जब प्रशासन संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ काम करता है, तो समाज के सबसे पिछड़े वर्ग तक भी विकास की रोशनी पहुँच सकती है।