कोई बच्चा पोलियो की खुराक से न रहे वंचित : शशांक मणिआज से जिले में शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, 5.68 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा, देवरिया : राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार से जिलेभर में ...
कोई बच्चा पोलियो की खुराक से न रहे वंचित : शशांक मणि
आज से जिले में शुरू होगा पल्स पोलियो अभियान, 5.68 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी दवा, देवरिया : राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार से जिलेभर में विशेष अभियान शुरू होगा। इसके पूर्व शनिवार को पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को सदर सांसद शशांक मणि ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली जिलाधिकारी आवास, सिविल लाइन रोड, बस स्टैंड होते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से लोगों से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने की अपील की गई।
सांसद शशांक मणि ने कहा कि अभियान के तहत जिले के पांच वर्ष तक के 5.68 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की दवा से वंचित न रहे। सभी अभिभावक अपने बच्चों को बूथ पर ले जाकर 'दो बूंद जिंदगी की' अवश्य पिलाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि अभियान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसकी निगरानी के लिए 286 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सीएचओ समेत सभी स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एसके सिन्हा ने बताया कि अभियान के पहले दिन जिले में 1759 फिक्स्ड बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। इसके बाद छूटे हुए बच्चों तक पहुंचने के लिए 942 हाउस-टू-हाउस टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी। वहीं बस अड्डों, रेलवे स्टेशन व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर 115 ट्रांजिट टीम तथा दूरस्थ क्षेत्रों के लिए 45 मोबाइल टीमें तैनात रहेंगी।
इस अवसर पर डीटीओ राजेश कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. कार्तिक पाण्डेय, डॉ. अश्वनी पाण्डेय, डिप्टी डीआईओ डॉ. विपिन रंजन, डीसीपीएम राजेश गुप्ता, जिला मलेरिया अधिकारी सुधाकर मणि, विश्वनाथ मल्ल, डब्ल्यूएचओ के एसएमओ वी.एस. चंदेल, जेएसआई के अभिनय कुशवाहा, हेमनरायण पाण्डेय, अरुण शाही सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।