शादी के सीजन में रसोई गैस के लिए भटक रहे लोग, देवरिया में पूर्ति विभाग के चक्कर लगा रहे परिजनदेवरिया:शादी-विवाह के इस सीजन में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। जिन घरों में ब...
शादी के सीजन में रसोई गैस के लिए भटक रहे लोग, देवरिया में पूर्ति विभाग के चक्कर लगा रहे परिजन
देवरिया:
शादी-विवाह के इस सीजन में रसोई गैस सिलेंडर की किल्लत ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। जिन घरों में बेटा-बेटी की शादी तय है, उनके परिजन गैस सिलेंडर की व्यवस्था के लिए जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) कार्यालय से लेकर पूर्ति निरीक्षक कार्यालय तक चक्कर काटने को मजबूर हैं।
सोमवार को जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय और पूर्ति निरीक्षक कार्यालय पर बड़ी संख्या में लोग शादी के कार्ड और प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचे। हालात ऐसे हो गए कि भीड़ को संभालने के लिए पुलिसकर्मियों की भी ड्यूटी लगानी पड़ी। लोगों का कहना है कि शादी की तैयारियों के बीच उन्हें दिनभर दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
सबसे ज्यादा परेशानी उन परिवारों को हो रही है, जिनके यहां इसी महीने शादी का कार्यक्रम है। कई लोग रिश्तेदारों से गैस सिलेंडर मांगकर काम चलाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग शादी का कार्ड दिखाकर प्रशासन से मदद की गुहार लगा रहे हैं।
एक युवती खुद अपने शादी का कार्ड लेकर जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय पहुंची। उसने बताया कि उसकी शादी इसी महीने है, लेकिन काफी प्रयास के बावजूद रसोई गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। मजबूरी में वह कार्यालय आई है ताकि समय पर गैस की व्यवस्था हो सके और शादी का कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई, तो शादी-विवाह जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भारी दिक्कतें आ सकती हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि विशेष व्यवस्था कर जल्द से जल्द गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसी भी परिवार को परेशानी न उठानी पड़े।