गोरखपुर, 22 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म’ (अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार) के पहले चरण का जागरूकता अभियान खुद व्यापारियों और ग्राहकों के बीच जाकर शुरू किया। म...
गोरखपुर, 22 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को ‘नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म’ (अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार) के पहले चरण का जागरूकता अभियान खुद व्यापारियों और ग्राहकों के बीच जाकर शुरू किया। मुख्यमंत्री ने झूलेलाल मंदिर से गोरखनाथ मंदिर मार्ग तक पदयात्रा करते हुए प्रतिष्ठानों में जाकर कारोबारियों और ग्राहकों से बातचीत की।
इस दौरान सीएम योगी ने व्यापारियों से आग्रह किया कि मोदी सरकार द्वारा कम की गई जीएसटी दरों का लाभ ग्राहकों को अवश्य दें। उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ ग्राहकों को फायदा होगा, बल्कि बाजार और समृद्ध होगा। साथ ही उन्होंने स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए ‘गर्व से कहो यह स्वदेशी है’ का पोस्टर लगाने की भी सलाह दी।
मुख्यमंत्री ने स्टाइल बाजार में प्रतिष्ठान के मुख्य द्वार पर खुद स्टीकर चस्पा किया और व्यापारियों से जीएसटी में आई कटौती के बारे में पूछा। कपड़ों पर 12 प्रतिशत से घटकर 5 प्रतिशत हुई दर को देखकर उन्होंने कहा कि इससे बाजार और मजबूत होगा। न्यू स्वीट्स पैलेस, गीता होलसेल मार्ट और प्रेम मेडिकल्स में जाकर उन्होंने दुकानदारों से संवाद किया। जीवनरक्षक दवाओं पर टैक्स शून्य हो गया है और कई दवाओं पर केवल 5 प्रतिशत टैक्स लागू है, जिसका लाभ दुकानदार ग्राहकों को देने लगे हैं।
सीएम योगी की पदयात्रा के दौरान व्यापारियों और आमजन ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। नारे लगे, ‘घटी जीएसटी बढ़ा व्यापार, धन्यवाद मोदी सरकार’। इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय व महानगर नेताओं ने भी हिस्सा लिया।
गीता होलसेल मार्ट के संचालक शम्भू शाह ने कहा कि टैक्स में कटौती से टेक्सटाइल सेक्टर को मजबूती मिली है और बिक्री बढ़ेगी। स्टाइल बाजार के राजेंद्र खुराना ने बताया कि सीएम से मिलना उनका सपना था, जो आज पूरा हुआ।
मुख्यमंत्री की यह पहल व्यापारियों और ग्राहकों को जागरूक करने के साथ बाजार में विश्वास और समृद्धि बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।