गोरखपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गोरखपुर का ऐतिहासिक गोरखनाथ घाट (राजघाट) बुधवार की शाम दीपों की अद्भुत रोशनी से नहाया हुआ नजर आया। दैनिक जागरण परिवार के सौजन्य से आयोजित इस भव्य देव दीपावली ...
गोरखपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गोरखपुर का ऐतिहासिक गोरखनाथ घाट (राजघाट) बुधवार की शाम दीपों की अद्भुत रोशनी से नहाया हुआ नजर आया। दैनिक जागरण परिवार के सौजन्य से आयोजित इस भव्य देव दीपावली उत्सव में राप्ती नदी का तट एक बार फिर श्रद्धा, संस्कृति और जनभागीदारी के आलोक से जगमगा उठा।
यह लगातार पांचवां वर्ष है जब गोरखनाथ घाट पर देव दीपावली के अवसर पर इस अनोखे आयोजन से पूरा शहर उत्सवमय वातावरण में डूब गया। इस वर्ष घाट पर लगभग एक लाख पच्चीस हजार दीपों को प्रज्वलित कर राप्ती नदी के तट को दिव्य स्वरूप प्रदान किया गया। आयोजन दैनिक जागरण समूह के प्रबंध निदेशक संजय गुप्ता के दिशा-निर्देश और गोरखपुर संपादक मदन सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
संपादक मदन सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया और दीप प्रज्वलन में सहभागिता निभाई। उन्होंने कहा कि “गोरखपुर की यह देव दीपावली हमारी सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। यह आयोजन ‘जनभागीदारी से जनजागरण’ की सच्ची मिसाल है।”
इस अवसर पर सांसद जगदंबिका पाल, विधायक विपिन सिंह, विधायक प्रदीप शुक्ला, एडीजी जोन मुथा अशोक जैन, डीआईजी एस. चनप्पा, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, डीएम दीपक मीणा, एसपी सिटी अभिनव त्यागी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में एनसीसी, स्काउट-गाइड, सिविल डिफेंस, स्कूली छात्र-छात्राएं, महिला पुलिस कर्मी और स्वयंसेवी संस्थाएं शामिल हुईं। सभी ने दीप सज्जा में सहयोग किया और घाट को रोशनी की अनगिनत कतारों से भर दिया। राप्ती का जल जब दीपों की झिलमिलाहट से चमका तो दृश्य आकाश के तारों जैसा अद्भुत प्रतीत हुआ।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन मुस्तैद रहा। सीओ कोतवाली ओमकार दत्त तिवारी, थाना प्रभारी राजघाट और ट्रैफिक इंस्पेक्टर मनोज राय ने टीम के साथ यातायात व सुरक्षा का सफल प्रबंधन किया।
कार्यक्रम में “दीप जलाओ, स्वच्छता बढ़ाओ” जैसे नारों के साथ स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलन के बाद घाट की सफाई में भी सक्रिय सहभागिता दिखाई।
जब राप्ती के तट पर लाखों दीप जल उठे, तो पूरा वातावरण “हर हर महादेव” और “जय गोरक्षनाथ” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु इस अद्भुत दृश्य को अपने कैमरों में कैद करते रहे। भक्ति, सौंदर्य और सांस्कृतिक एकता का यह दृश्य गोरखपुर की देव दीपावली को एक बार फिर अविस्मरणीय बना गया।