गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

घंटाघर में दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग की सौगात, : पांडेयहाता में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास भी आज

गोरखपुर | 04-Apr-2026 12:56 AM | 47 |
गोरखपुर
पांडेयहाता में कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास भी आज

गोरखपुर, 3 अप्रैल। गोरखपुर महानगर के लिए रविवार (5 अप्रैल) का दिन विकास की दृष्टि से अहम साबित होने जा रहा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर को दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग की सौगात देंगे। यह अत्याधुनिक मल्टीलेवल पार्किंग शहर के सबसे व्यस्ततम क्षेत्रों में शामिल घंटाघर में तैयार की गई है, जिससे न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार होगा बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
करीब 27.26 करोड़ रुपये की लागत से बने इस ‘मल्टीलेवल पार्किंग सह कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स’ का निर्माण नगर निगम द्वारा शहीद बंधु सिंह पार्क परिसर में लगभग 1540 वर्गमीटर क्षेत्रफल में कराया गया है। इस कॉम्प्लेक्स में आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, जिसमें बेसमेंट में 26 कारों, दूसरे तल पर 24 कारों तथा छत पर लगभग 200 दोपहिया वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इसके साथ ही यह कॉम्प्लेक्स केवल पार्किंग तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापारियों के लिए भी सुनहरा अवसर लेकर आया है। भूतल पर 21 और प्रथम तल पर 22 दुकानों का निर्माण किया गया है, जिससे कुल 43 दुकानदारों को व्यवस्थित कारोबारी स्थान मिलेगा। परिसर में पुरुष और महिला शौचालय के साथ ही दो लिफ्ट और दोनों ओर सीढ़ियों की सुविधा भी दी गई है। खास बात यह है कि भूतल पर लगभग 220 वर्गमीटर क्षेत्र में शीतला माता मंदिर को भी समाहित किया गया है, जिससे धार्मिक आस्था भी बरकरार रहेगी।
गौरतलब है कि यह गोरखपुर की दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग है, जबकि पहली पार्किंग गोलघर क्षेत्र में पहले से संचालित है। शहर के प्रमुख बाजारों—घंटाघर, माया बाजार और हिंदी बाजार—में बढ़ते ट्रैफिक और पार्किंग की समस्या को देखते हुए यह परियोजना काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
घंटाघर क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां न केवल गोरखपुर बल्कि आसपास के जिलों, बिहार और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों से भी लोग खरीदारी के लिए आते हैं। पुरानी बसावट और संकरी सड़कों के कारण यहां जाम की समस्या आम रही है। ऐसे में मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण से ट्रैफिक दबाव कम होगा और आवागमन सुगम बनेगा।
इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पांडेयहाता क्षेत्र में विकसित हो रहे विरासत गलियारा परियोजना के तहत एक नए कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन और शिलान्यास भी करेंगे। इस प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स पर करीब 36.47 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसमें बेसमेंट पार्किंग के साथ भूतल से तीसरी मंजिल तक कुल 65 दुकानों का निर्माण किया जाएगा।
सरकार की इस पहल में सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित दुकानदारों को प्राथमिकता देने की योजना है, जिससे उन्हें पुनर्वास के साथ बेहतर व्यापारिक माहौल मिल सके।
कुल मिलाकर, ये दोनों परियोजनाएं गोरखपुर शहर को आधुनिक शहरी सुविधाओं से लैस करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही हैं, जो आने वाले समय में शहर की यातायात व्यवस्था और व्यापारिक ढांचे को मजबूत बनाएंगी।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.