गोरखपुर न्यूज़
Home / Local / Uttar Pradesh / गोरखपुर
🚨 Breaking News | गोरखपुर

चम्पा देवी पार्क में गोरखपुर महोत्सव का भव्य आगाज़, संस्कृति और पर्यटन की दिखी अनूठी झलक : पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जय वीर सिंह ने किया उद्घाटन, लोकसंस्कृति, विज्ञान प्रदर्शनी और स्थानीय उत्पाद बने आकर्षण

गोरखपुर | 13-Jan-2026 12:23 AM | 47 |
गोरखपुर
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जय वीर सिंह ने किया उद्घाटन, लोकसंस्कृति, विज्ञान प्रदर्शनी और स्थानीय उत्पाद बने आकर्षण

गोरखपुर। शहर के चम्पा देवी पार्क में आयोजित बहुप्रतीक्षित गोरखपुर महोत्सव का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जय वीर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। दीप प्रज्वलन के साथ ही पूरे महोत्सव परिसर में उत्सव, उल्लास और सांस्कृतिक ऊर्जा का संचार हो गया। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कलाकारों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमामय स्वरूप प्रदान किया।
उद्घाटन अवसर पर सदर सांसद रवि किशन, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक विपिन सिंह, विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ला, श्रीराम चौहान, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, एडीजी जोन मुथा अशोक जैन, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, डीआईजी/एसएसपी राज करन नय्यर, आयोजक नोडल एवं गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष आनंद वर्धन, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, जीडीए सचिव पुष्पराज सिंह सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस वर्ष गोरखपुर महोत्सव को लोकसंस्कृति के साथ-साथ विज्ञान, नवाचार और स्थानीय उत्पादों से जोड़कर एक व्यापक स्वरूप दिया गया है। विशेष रूप से स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत विज्ञान प्रदर्शनी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। बच्चों द्वारा बनाए गए मॉडल और नवाचार उनके वैज्ञानिक दृष्टिकोण और रचनात्मक क्षमता को प्रदर्शित कर रहे हैं।
महोत्सव में स्थानीय उत्पादों और ‘वोकल फॉर लोकल’ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अनेक स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों को अपने उत्पादों को प्रदर्शित और विक्रय करने का अवसर मिला है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने में सहायता मिल रही है।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जय वीर सिंह ने कहा कि गोरखपुर एक तपोभूमि है, जिसकी सांस्कृतिक पहचान देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक फैली हुई है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था की चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश आज विकास और सुशासन की नई मिसाल बन रहा है। मंत्री ने वर्ष 2025 में आयोजित कुंभ मेले का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें करोड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता भारत की सांस्कृतिक शक्ति और प्रशासनिक क्षमता को दर्शाती है।
आयोजक नोडल एवं जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन ने मंच से अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि इस वर्ष पिछले वर्षों की तुलना में अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिससे न केवल राजस्व में वृद्धि हुई है, बल्कि स्थानीय व्यापारियों और कलाकारों को भी व्यापक लाभ मिला है। वहीं आयोजक समिति के अध्यक्ष एवं मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर एडी स्कूल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने दर्शकों को आध्यात्मिक अनुभूति से भर दिया। इसके बाद मथुरा की सुप्रसिद्ध कथक नृत्यांगना गीतांजलि शर्मा की मनमोहक प्रस्तुति ने श्रोताओं की भरपूर तालियां बटोरीं और महोत्सव की सांस्कृतिक गरिमा को नई ऊंचाई दी।
महोत्सव स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सतत निगरानी में कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है। जनसहभागिता और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच गोरखपुर महोत्सव शहर की सांस्कृतिक पहचान को और सुदृढ़ करता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में विभिन्न कार्यक्रमों और प्रस्तुतियों के माध्यम से यह महोत्सव गोरखपुरवासियों के लिए यादगार बनने की उम्मीद है।

अन्य खबरें

KIRORI MAL KA HATA, SUMER SAGAR, GORAKHPUR
Copyright © 2024 - 2025 PHM News. All Rights Reserved.