सफाई और हरियाली को लेकर नगर आयुक्त का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कड़ा रुख : शास्त्री चौक की गंदगी के तत्काल निस्तारण के निर्देश, पौधारोपण और कूड़ा निस्तारण व्यवस्था में सुधार पर जोर
गोरखपुर। नगर आयुक्त श्री गौरव सिंह सोगरवाल ने शुक्रवार को शहर की सफाई व्यवस्था और हरियाली के कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उनका यह दौरा शहर में बेहतर स्वच्छता, अधिक हरियाली और कुशल कूड़ा प्रबंधन के प्रति नगर निगम की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्थलों पर सफाई की स्थिति की समीक्षा की और लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने सबसे पहले विधिक विज्ञान प्रयोगशाला के सामने और मुख्य रूट पर सफाई की व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शास्त्री चौक पर अव्यवस्था और गंदगी पाई गई, जिस पर उन्होंने सफाई निरीक्षक को कड़ी चेतावनी देते हुए तुरंत सफाई कराने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि साफ-सफाई में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के अगले चरण में नगर आयुक्त ने एकल बंदे एंट्री गेट निर्माण की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को निर्धारित समय में पूरा किया जाए, जिससे यातायात और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार हो सके। यहां किए गए वृहद वृक्षारोपण को भी उन्होंने नजदीक से देखा और सूखे हुए पेड़ों को बदलकर नए पौधे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने उद्यान विभाग को पानी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने और पौधों की देखभाल में तेजी लाने का आदेश दिया।
श्री सोगरवाल ने निर्देश दिया कि डिवाइडर के नीचे पौधारोपण करते समय बिना ढलाई के मिट्टी छोड़ने की व्यवस्था हो, ताकि पौधों की जड़ें गहराई तक जाकर मजबूती से विकसित हो सकें। इससे शहर की हरियाली बढ़ेगी और सड़क किनारे लगाए गए पौधे अधिक समय तक सुरक्षित रहेंगे।
लखनऊ रोड पर नौशाद से कलेसर तक किए गए पौधारोपण का भी नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया। उन्होंने ट्रिगर्ड में सूखे या क्षतिग्रस्त पौधों को बदलने का आदेश दिया। इसके लिए उन्होंने वाहन विभाग को सक्रिय होकर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त जीरो पॉइंट स्थित कूड़ा निस्तारण केंद्र भी पहुँचे। यहां उन्होंने बदबू को नियंत्रित करने के लिए ब्लीचिंग पाउडर और मालैथियन के छिड़काव का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने मशीनों को निरंतर चलाते हुए कचरे का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कूड़ा निस्तारण में देरी पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारी को सख्त निर्देश दिए।
नगर आयुक्त के इस व्यापक निरीक्षण से स्पष्ट होता है कि नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुंदर और हराभरा बनाने के लिए गंभीर और दृढ़ संकल्पित है।