गोरखपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र में मोबाइल छिनैती की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पीआरवी टीम ने करीब 5 किलोमीटर तक पीछा कर दोनों आरोपियों को बाइक समेत दबोच लिया और युवती से छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार घटना 9 जुलाई 2026 की शाम करीब 6:30 बजे की है। रामपुर कैथवलिया निवासी मुस्कान श्रीवास्तव अपने भाई रौनक श्रीवास्तव के साथ अलग-अलग साइकिल से ग्राम भरोहिया सब्जी खरीदने जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और रमवापुर की ओर फरार हो गए।
घटना के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पीआरवी-7327 को पीड़िता ने पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम ने बिना समय गंवाए आरोपियों का पीछा शुरू कर दिया। करीब 5 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान प्रिन्स सिंह उर्फ श्रीकेत (20 वर्ष) निवासी उसका, थाना चिलुआताल तथा अरशद (23 वर्ष) निवासी डोहरिया बाजार, थाना चिलुआताल के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से पीड़िता का छीना गया रियलमी मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़िता को तुरंत राहत मिली और क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की सराहना की जा रही है।