गोरखपुर। विकास कार्यों को गति देने और सड़क चौड़ीकरण परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए एसडीएम सदर दीपक कुमार गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रभावित जमीनों, मकानों और दुकानों की रजिस्ट...
गोरखपुर। विकास कार्यों को गति देने और सड़क चौड़ीकरण परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए एसडीएम सदर दीपक कुमार गुप्ता ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रभावित जमीनों, मकानों और दुकानों की रजिस्ट्री तत्काल प्रभाव से कराई जाए।
सदर तहसील सभागार में आयोजित बैठक के दौरान एसडीएम ने संबंधित राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों को आदेश दिया कि प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करते हुए रजिस्ट्री कराई जाए और उसकी रिपोर्ट मंडलायुक्त व जिलाधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।
पाँच बड़े सड़क प्रोजेक्ट पर जोर
एसडीएम ने बताया कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे पाँच प्रमुख सड़क चौड़ीकरण प्रोजेक्टों में तेजी लाना प्राथमिकता है। इनमें शामिल हैं—
धर्मशाला बाजार से पांडेयहाता तक विरासत गलियारा,
असुरन-पिपराइच फोरलेन,
हार्बर्ट बांध फोरलेन,
बालापार-टिकरिया मार्ग,
एचएन सिंह-हड़हवा फाटक मार्ग।
उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री की प्रक्रिया समय पर पूरी होगी तो निर्माण कार्य भी तेजी से आगे बढ़ेंगे और स्थानीय नागरिकों को जल्द बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
प्रभावित लोगों से अपील
एसडीएम सदर दीपक गुप्ता ने प्रभावित मकान और दुकान मालिकों से अपील की कि वे सक्रियता दिखाते हुए रजिस्ट्री प्रक्रिया शीघ्र पूरी करें।
बैठक में नायब तहसीलदार अरविंद नाथ पांडे, राकेश कुमार शुक्ला समेत अन्य राजस्व निरीक्षक और लेखपाल मौजूद रहे।