गोरखपुर।दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रशासन विभाग में ‘इमर्टिकस लर्निंग’, लखनऊ के सहयोग से करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। सत्र का शुभारंभ डॉ. कृतिका श्रीवास्तव के स्वागत...
गोरखपुर।
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के व्यवसाय प्रशासन विभाग में ‘इमर्टिकस लर्निंग’, लखनऊ के सहयोग से करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। सत्र का शुभारंभ डॉ. कृतिका श्रीवास्तव के स्वागत वक्तव्य से हुआ। विभागाध्यक्ष प्रो. मनीष कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित इस सत्र में विद्यार्थियों को करियर नियोजन और व्यावसायिक कौशल विकास पर विशेष मार्गदर्शन दिया गया।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. मनीष कुमार ने विशिष्ट अतिथियों, सत्यप्रकाश सिंह (वरिष्ठ प्रबंधक) एवं उत्कर्ष सोनी (सहायक प्रबंधक), ‘इमर्टिकस लर्निंग’, लखनऊ का हार्दिक अभिनंदन करते हुए वर्तमान व्यावसायिक परिदृश्य में कौशल विकास की अहमियत पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आज की प्रतिस्पर्धात्मक दुनिया में पेशेवर कौशल और अनुभव विद्यार्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
सत्र में विशिष्ट वक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने ‘करियर नियोजन एवं कौशल विकास’ की महत्ता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने राष्ट्रीय एवं बहुराष्ट्रीय कंपनियों में इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के अवसरों पर ध्यान आकर्षित करते हुए विद्यार्थियों को व्यावसायिक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने बताया कि व्यावसायिक मार्गदर्शन और इंटर्नशिप के माध्यम से छात्रों को व्यावहारिक अनुभव और करियर उन्मुख कौशल प्राप्त करने में मदद मिलती है।
विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से यह सत्र अत्यंत सफल रहा और विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से प्रश्न पूछकर अपने संदेह दूर किए। सत्र को करियर उन्मुख कौशल और व्यावसायिक मार्गदर्शन की दिशा में सकारात्मक पहल के रूप में देखा गया।
सत्र के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सुरुचि श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर विभाग के शिक्षकगण डॉ. पूर्णिमा मिश्रा, डॉ. मोहम्मद इरफ़ान, डॉ. अनुभव नाथ त्रिपाठी, डॉ. सुशील कुमार सिंह और विषय विशेषज्ञ श्रीमती तोजस्वी दुबे, सुश्री शानिया नूर फ़ातिमा, सुश्री श्रेया राय एवं सुश्री ईशा राव उपस्थित रहे।