गोरखपुर। आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेदांता गुरुग्राम एवं लॉज निपाल नं. 38 के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय निःश...
गोरखपुर। आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेदांता गुरुग्राम एवं लॉज निपाल नं. 38 के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय निःशुल्क हेल्थ चेकअप कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। यह स्वास्थ्य शिविर 21 और 22 जून को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक लॉज निपाल परिसर में आयोजित होगा।
शिविर सभी नागरिकों के लिए खुला रहेगा। महिला-पुरुष, युवा, वरिष्ठ नागरिक, गृहिणियां, नौकरीपेशा लोग और परिवार के अन्य सदस्य इसमें शामिल होकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। आयोजकों के अनुसार स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और लोगों को नियमित जांच के लिए प्रेरित करना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
कैम्प में मेदांता गुरुग्राम के वरिष्ठ कार्डियोलॉजिस्ट और जनरल फिजिशियन मौजूद रहेंगे, जो लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श देंगे। शिविर के दौरान ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, ईसीजी, बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) तथा पीएफटी (पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट) जैसी महत्वपूर्ण जांचें पूरी तरह निःशुल्क की जाएंगी।
विशेषज्ञों का कहना है कि बदलती जीवनशैली के कारण हृदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हड्डियों की कमजोरी तथा श्वसन संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। कई बार लोग शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं, जिससे बीमारी गंभीर रूप ले लेती है। ऐसे में समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह स्वास्थ्य संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
लॉज निपाल नं. 38 द्वारा समाजसेवा और जनकल्याण की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस शिविर का आयोजन किया जा रहा है। वहीं देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों में शामिल मेदांता की सहभागिता इस आयोजन को और अधिक उपयोगी बना रही है। आयोजकों का मानना है कि यह शिविर गोरखपुर और आसपास के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य जागरूकता प्रदान करने में मददगार सिद्ध होगा।
संयोजक सुधांशु चंद्र वर्मा ने बताया कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए समय-समय पर इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आवश्यक हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं तथा अपने परिवार के सदस्यों के साथ शिविर में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाएं। अधिक जानकारी के लिए 96957-58701 पर संपर्क किया जा सकता है।